पटना, । अमर शहीद रणधीर वर्मा के पुण्यतिथि पर रणधीर वर्मा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 07 दिवसीय अंडर 15 क्रिकेट चैंपियनशिप के ट्रॉफी का अनावरण आज यहां किया गया। ट्रॉफी का अनावरण एसआईएस समूह के जनरल मैनेजर नीरज कुमार वर्मा ने किया।
मौके पर जनरल मैनेजर नीरज कुमार वर्मा ने कहा कि बिहार के सबसे सफल आईपीएस अधिकारियों में एक रणधीर वर्मा की पुण्यतिथि पर इस प्रकार का आयोजन करना काफी सराहनीय कार्य है। रणधीर वर्मा फाउंडेशन सदैव समाज हित में कार्य करते रहती है। इसकी जितनी भी सराहना की जाए कम है।
रणधीर वर्मा फाउंडेशन के सचिव सतीश राजू ने कहा कि रणधीर वर्मा बिहार के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक थे। उन्होंने समाज से अपराध मिटाने में अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनके मरणोपरांत अशोक चक्र सम्मान से सम्मानित किया गया एवं 2004 में उनके स्मृति में डाक टिकट भी जारी किया गया। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रणधीर वर्मा फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष खेलों का आयोजन करता है।
इस वर्ष उनके शहादत दिवस पर पटना के गर्दानीबाग स्थित संजय गांधी स्टेडियम में 07 दिवसीय अंडर 15 क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन 09 जनवरी को होगा, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 16 टीम हिस्सा लेंगी।
