कुल्लू, 6 जनवरी । थाना मणिकर्ण के अंतर्गत पुलिस ने बिना पासपोर्ट और वीजा के रह रहे एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि गुरुवार को जब उत्तर प्रदेश के कसोल से लापता युवक की तलाश में पुलिस छलाल गांव के करीब थी। उसी दौरान पुलिस के सामने से एक विदेशी युवक आया। पुलिस ने उससे वीजा और पासपोर्ट दिखाने को कहा। जानकारी मिली कि उस विदेशी नागरिक के पास न तो पासपोर्ट था और न ही वीजा। वह अवैध रूप से मणिकर्ण घाटी में रह रहा था। इस पर पुलिस ने मणिकर्ण में अवैध रूप से रहने वाले विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गुरुदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने विदेशी नागरिक एटिला शिशमंगोलू पुत्र अहमेट निवासी इस्तांंबुल, तुर्की के विरुद्ध विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
