26 नवंबर । लंदन में “फ्रेंड्स ऑफ एमपी” कार्यक्रम में शामिल हुए मप्र के मुख्यमंत्री, निवेशकों को किया आमंत्रित – “मैं आप सभी को निमंत्रण दे रहा हूँ, आइए मध्य प्रदेश में निवेश कीजिए” : डॉ. यादवभोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का दिल है, देश के सभी अंचलों के लोग यहां बसते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलते दौर में देश तेजी से प्रगति पथ पर अग्रसर है। मध्य प्रदेश भी उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में दिन-दूनी-रात चौगुनी प्रगति कर रहा है। हेल्थ, टूरिज्म, आईटी, एजूकेशन, गारमेंट्स सहित हर क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधोसंरचना का क्षेत्र हो या अन्य मूलभूत सुविधाओं का क्षेत्र प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन के लिए प्रभावी कार्य कर रही है। सड़क, बिजली तथा औद्योगिक क्षेत्र के लिए लैंड बैंक के मामले में मध्य प्रदेश ने देश के श्रेष्ठतम राज्य के रूप में स्वयं को स्थापित किया है।
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. माेहन यादव अपनी छह दिवसीय यूके-जर्मनी यात्रा के तीसरे दिन मंगलवार को लंदन में एनआरआई समूह “फ्रेंड्स ऑफ मध्य प्रदेश” और प्रवासी समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का लंदन (यूके) में रॉयल नेशनल होटल में प्रवासी समुदाय और “फ्रेंड्स ऑफ एमपी” के सदस्यों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान लंदन के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश अग्रवाल सहित अनेक प्रतिष्ठित भारतीय प्रवासी शामिल रहे।
प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता को दुनिया ने स्वीकारा-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और उनकी नेतृत्व क्षमता ने विश्व में भारत की साख को स्थापित किया है। दुनिया के देशों में प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की स्वीकार्यता ने भारत और भारतवासियों का गर्व और मान विश्व में बढ़ाया है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को प्राप्त मोदी के सशक्त और समर्थ नेतृत्व से भारतवासी स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का भी स्मरण किया।
