नई दिल्ली 02 जनवरी। नौसेना जल्द ही देश में निर्मित अत्याधुनिक हथियारों से लैस दो जंगी जहाजों और डीजल-इलेक्ट्रिक चालित पनडुब्बी को अपने बेड़े में शामिल करने जा रही है। इससे नौसेना की मारक क्षमता में काफी वृद्धि होगी।
अधिकारियों ने बुधवार को इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि 15 जनवरी को मुंबई में एक समारोह में इन दोनों जंगी जहाजों सूरत एवं नीलगिरि और पनडुब्बी ‘वागशीर’ को नौसेना के बेड़े में शामिल किया जाएगा। ये अत्याधुनिक हथियारों और सेंसर्स से लैस हैं।
एक बयान के अनुसार दोनों वारशिप में महिला अधिकारियों और नाविकों के रहने के लिए भी पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। मुंबई में होने वाले ऐतिहासिक समारोह के दौरान जंगी जहाजों को नौसेना में शामिल करने से न केवल इसकी युद्धक क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि स्वदेशी जहाजों के निर्माण से देश की आत्म-निर्भरता को भी बल मिलेगा। दोनों जहाजों और पनडुब्बी को मुंबई स्थित मझगांव डाक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) में निर्मित किया गया है।
