नई दिल्ली, 12 फ़रवरी । दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार की विदाई के बाद भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई शुरू हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसी को दिल्ली से लेकर गुरुग्राम सीमा तक दिल्ली परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की कई शिकायतें मिली थीं। जांच एजेंसी ने शिकायतों की जांच करने के बाद दिल्ली परिवहन विभाग के छह अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर आआपा और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर हमलावर रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं ने अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार के कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में सरकार बनाने पर भ्रष्टाचार के मामलों में सख्ती से कार्रवाई करने का वादा चुनावी सभाओं में किया था। चुनाव नतीजों के बाद आआपा दिल्ली की सत्ता से बेदखल हो हुई। आआपा को केवल 22 सीटों से संतोष करना पड़ा और भाजपा 48 सीटों के साथ बहुमत में आ गई है। हालांकि, दिल्ली में अभी नई सरकार का गठन नहीं हुआ है लेकिन जांच एजेंसी ने अपने स्तर से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
