रायपुर, 28 फ़रवरी | छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में तीन मार्च को वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 को विधानसभा के पटल पर रखा। इस दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक प्रगति को उत्साहजनक बताया है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय औसत से ज्यादा प्रदेश की जीएसडीपी ग्रोथ होने की बात कही है। वित मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पुस्तक का विमोचन भी किया।
आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 को सदन में पेश करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, पूरे प्रदेश में उत्साह जनक आर्थिक प्रगति नजर आ रही है। प्रदेश की जीएसडीपी में ग्रोथ राष्ट्रीय औसत से ज्यादा हुआ है। सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी 2023-24) में तीन लाख 6 हजार 712 करोड़ था जो बढ़कर 2024- 25 में तीन लाख 29 हजार 752 करोड़ होना संभावित है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, यह गत वर्ष की तुलना में 7.51 प्रतिशत की वृद्धि है। कृषि क्षेत्र, उद्योग क्षेत्र,सेवा क्षेत्र में योगदान अधिक है, पर कैपिटल इनकम में भी छत्तीसगढ़ में वृद्धि हो रही है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय में 9.37 प्रतिशत की वृद्धि दर है। जबकि देश में प्रति व्यक्ति आय वृद्धि दर 8.66 प्रतिशत रही है। राष्ट्रीय औसत की तुलना में वृद्धि दर में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान वित मंत्री ओपी चौधरी ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पुस्तक का विमोचन भी किया।
