अगर आप LinkedIn पर नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। हैकर्स नौकरी खोजने वाले लोगों को स्कैम में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई लूटने की योजना बना रहे हैं। LinkedIn पर लोग अक्सर प्रोफेशनल नेटवर्किंग और नौकरी के लिए आते हैं, और अब हैकर्स का एक ग्रुप इन लोगों को निशाना बना रहा है।
हैकर्स इन दिनों LinkedIn और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर एक नया स्कैम चला रहे हैं, जिसमें नौकरी ढूंढने वाले व्यक्तियों की पर्सनल जानकारी चुराकर उनका शिकार किया जा रहा है। विशेष रूप से, ये हैकर्स Web3 और क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित नौकरी खोजने वालों को टारगेट कर रहे हैं।
कैसे काम करता है यह स्कैम?
रूस का एक साइबर क्राइम ग्रुप, Crazy Evil, इस स्कैम को अंजाम दे रहा है। ये हैकर्स LinkedIn पर फर्जी जॉब पोस्टिंग्स करते हैं। जब कोई व्यक्ति नौकरी के लिए संपर्क करता है, तो हैकर्स उसे GrassCall नामक एक वीडियो कॉल ऐप डाउनलोड करने को कहते हैं। अगर कोई इसे डाउनलोड करता है, तो हैकर्स इस ऐप के जरिए उनकी बैंक डिटेल्स और अन्य संवेदनशील जानकारी चुराकर उनका अकाउंट खाली कर देते हैं।
हैकर्स ने कमाई की बड़ी रकम
इस स्कैम के शिकार कई लोग हो चुके हैं और अपनी मेहनत की कमाई से हाथ धो चुके हैं। साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स के मुताबिक, इन हैकर्स की पेमेंट डिटेल्स से पता चलता है कि उन्होंने बहुत मोटा पैसा ठगा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह के और स्कैम सामने आ सकते हैं।
कैसे बचें इस स्कैम से?
- किसी भी प्लेटफॉर्म पर जॉब लिस्टिंग को संबंधित कंपनी से वेरिफाई जरूर करें।
- अगर कोई अनजान व्यक्ति मैसेज या ईमेल में लिंक भेजे, तो उसे न खोलें।
- केवल भरोसेमंद सोर्स से ऐप डाउनलोड करें। अनजान लिंक से कोई ऐप या फाइल डाउनलोड न करें।
- बैंक अकाउंट, OTP, और अन्य निजी जानकारी अनजान व्यक्ति से शेयर करने से बचें।
इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें और हमेशा अपनी जानकारी को सुरक्षित रखें।
