दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता सोमवार सुबह 10 बजे दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य 25 फरवरी 2025 को विधानसभा में दिए गए उनके अभिभाषण के लिए सदन की ओर से औपचारिक रूप से आभार व्यक्त करना है।
विधानसभा में पहले ही एक प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसमें उपराज्यपाल के अभिभाषण की सराहना की गई है। नियम 19(7) के तहत, अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता व्यक्तिगत रूप से एक औपचारिक पत्र सौंपेंगे और सदन की ओर से उनके अभिभाषण के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे।
बैठक से पहले रविवार को विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उपराज्यपाल का अभिभाषण दिल्ली के विकास और सुशासन के रोडमैप को लेकर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान करता है। सदन की ओर से उनका आभार व्यक्त करना मेरे लिए सम्मान की बात है।
उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी को दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के बीच आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर विधानसभा विजेंद्र गुप्ता ने विपक्ष की नेता आतिशी समेत आआपा के 21 विधायकों को सदन से तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया।
