प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार और की ऑफ द इंडियन ओशन पाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने आज शाम पोर्ट लुइस में भारतीय प्रवासियों के एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। यह सम्मान श्री मोदी की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सूची में जुड़ गया है, जो इस तरह का 21वां सम्मान है।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के लोगों और सरकार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ उनके लिए सम्मान नहीं है, बल्कि भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक संबंधों का भी सम्मान है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध प्रवासी समुदाय की गर्मजोशी में स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।
एक विशेष सद्भावना प्रदर्शन में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मॉरीशस के समकक्ष नवीन रामगुलाम और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड जारी करने की भी घोषणा की।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल के सातवीं पीढ़ी को ओसीआई कार्ड प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार को धन्यवाद दिया।
इस सामुदायिक कार्यक्रम में मॉरीशस मंत्रिमंडल के सदस्यों, सरकारी अधिकारियों और नेशनल असेंबली के सदस्यों सहित 3,500 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
आज रात बाद में प्रधानमंत्री मोदी अपने मॉरीशस के समकक्ष नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
