हरियाणा के विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के मेयर, अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के चुनाव में आज भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। गुरुग्राम और रोहतक सहित दस में से नौ मेयर पदों पर भाजपा ने जीत हासिल की। नगर निगम फरीदाबाद में मेयर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार प्रवीण जोशी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उम्मीदवार लता रानी को 3 लाख 16 हजार 852 वोटों से हराकर जीत हासिल की। नगर परिषद में अध्यक्ष के पांच पदों के लिए चुनाव हुए। सभी पांचों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। 21 नगर पालिकाओं के अध्यक्षों के चुनाव में 6 भाजपा और 15 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीते।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोगों ने सरकार के कामों और नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है और ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ विकसित हरियाणा के सपने को साकार करने के लिए तेजी से काम करेगी। चल रहे राज्य विधानसभा सत्र के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने दोहराया कि लोगों ने भाजपा सरकार के कामों और नीतियों पर मुहर लगाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह जीत राज्य में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार के विकास कार्यों में लोगों के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। श्री मोदी ने राज्य के लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
