भारतीय परम्पराओं में होली हास-परिहास और उमंग के साथ ही खुश रहने और खुश रखने का पर्व माना जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए होली के दिन भारतीय हास्य योग केन्द्र के प्रमुख सुनील गुप्ता ने एकल परिवार के होली मिलन कार्यक्रम में सहभागियों को खुश रहने के मंत्र दिए (हैप्पीनेस के टिप्स) और हास्य योग कराया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण के साथ फूलों एवं रंगों की होली भी खेली गई।
दिल्ली के पीतमपुरा स्थित अरुणिमा भवन में आयोजित समारोह में इंटरनेशनल हैप्पीनेस योग कोच सुनील गुप्ता ने बताया कि यूनाइटेस नेशन्स के ताजा हैप्पीनेस इंडेक्स के अनुसार विश्व के 143 देशों की 800 करोड़ जनसंख्या में से लगभग 640 करोड़ लोग कतिपय कारणों से अवसाद में हैं और दुःखी हैं। हैप्पीनेस इंडेक्स की इस सूची में भारत का दुनिया में 123वां स्थान है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि जीवन में हंसने का बहुत महत्व है, इसलिए हर किसी को अपने जीवन को बेहतर, सुखी, स्वस्थ और निरोगी बनाने के लिए प्रतिदिन सुबह कम से कम एक मिनट अपने आपको देना चाहिए तथा नियमित हास्य योग अभ्यास करना चाहिए। इस अभ्यास से शरीर के कई विकार दूर किए जा सकते हैं।
सुनील गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2000 में स्थापित भारतीय हास्य योग केन्द्र की भारत में 3000 एवं पूरे विश्व में 200 शाखाएं हैं। ये सभी शाखाएं इंटरनेट पर जुड़ी हुई हैं। केन्द्र द्वारा एक योग पथ ऐप भी विकसित किया गया है जिसमें हैप्पीनेस और हास्य योग के कई टिप्स दिए गए हैं। इस अवसर पर भारतीय लोक शिक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव अग्रवाल, उत्तरी दिल्ली चैप्टर के प्रधान राजेश मित्तल, राष्ट्रीय महिला विभाग माधुरी अग्रवाल, एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए।
