चीन ने अरब सागर और हिंद महासागर में अपनी बढ़ती मौजूदगी का समर्थन करने के लिए अपने सदाबहार मित्र पाकिस्तान की नौसेना को मजबूत करने के अपने प्रयासों के तहत अत्याधुनिक हथियारों और सेंसरों से लैस दूसरी नई पनडुब्बी पाकिस्तान को सौंपी है। बीजिंग में आधिकारिक मीडिया ने आज कहा कि हंगोर श्रेणी की पनडुब्बी, जो लगभग पांच अरब अमेरिकी डॉलर के सौदे में पाकिस्तान को दी गई आठ ऐसी पनडुब्बियों में से एक है, को चीन के हुबेई प्रांत के वुहान में लॉन्च किया गया। यह उन चार आधुनिक नौसैनिक फ्रिगेट के अतिरिक्त है, जिन्हें चीन ने पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान को आपूर्ति की है। यह अरब सागर में चीनी नौसेना के लगातार विस्तार के बीच पाकिस्तान की नौसैनिक ताकत को बढ़ाने के अपने प्रयासों के तहत है, जहां वह बलूचिस्तान में ग्वादर बंदरगाह का विकास कर रहा है।
