नई दिल्ली, 19 मार्च । दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब वर्मा और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने लोधी रोड स्थित दयाल सिंह कॉलेज के पास दिल्ली परिवहन निगम बस डिपो के भीतर सुनहरी पुल नाले को ढकने के काम का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि नालों में वर्षों से पड़ी गाद जो पत्थर बन चुकी है, उसे मशीनों के माध्यम से निकाला जाए। यहां दमकल की मशीनें लगी हुई हैं। नालों की सफाई के लिए हर तरह की मशीन लगाई गई है। अलग-अलग एजेंसी को भी समाधान के लिए बुलाया गया है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि नालों में वर्षों से जमा गाद को हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों से परीक्षण किया जा रहा है और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न एजेंसियों को भी शामिल किया गया है।
आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए जलभराव से निपटने की तैयारियां जोरों पर हैं, ताकि दिल्लीवासियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वच्छ, सुंदर और विकसित दिल्ली के संकल्प के साथ हमारा अभियान जारी है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि यह स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण व नागरिक सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार की प्राथमिकता है कि राष्ट्रीय राजधानी सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित बने। इस उद्देश्य को साकार करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार मानसून से पहले नालों की सफाई को लेकर सक्रिय दिखाई दे रही है। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री ने सुनहरी पुल, कुशक और बारापुला ड्रेन क्षेत्र का निरीक्षण कर जल निकासी सुधार, आधारभूत संरचना विकास और जल प्रबंधन योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया था। उसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान दिल्लीवासियों को सीवर जाम और जलभराव की परेशानियों से बचाने के लिए हमने अभी से मिशन मोड में काम शुरू कर दिया है।
