रायपुर, 21 मार्च । छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को विपक्ष ने उत्पादन से अधिक धान खरीद पर स्थगन प्रस्ताव लाया। साथ ही सरकार पर लगभग 13 हजार करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगाते हुए सदन का काम रोककर चर्चा की मांग की। स्थगन प्रस्ताव नामंजूर होने पर विपक्ष ने सदन से बर्हिगमन किया।
स्थगन प्रस्ताव की चर्चा को आगे बढ़ाते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि किसानों की मेहनत में अधिकारी धूल झोंक रहे हैं। लगभग 13 हजार करोड़ का धान खरीद में घोटाला हुआ है। उत्पादन से 36 प्रतिशत से अधिक खरीद हुई है। उमेश पटेल ने कहा कि धान खरीद छोटा-मोटा मामला नहीं है, सदन का काम रोककर इस पर चर्चा कराई जानी चाहिए।
इस बीच स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि धान खरीद में करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ है, धान खरीद पर सत्तापक्ष जवाब नहीं दे पा रहा है। जिसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से बर्हिगमन कर दिया।
