नई दिल्ली, 21 मार्च। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए प्रमुख भारतीय ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट अपने प्लेटफ़ॉर्म का विस्तार टियर-1 के साथ ही टियर-2 और टियर-3 शहरों में तेजी के साथ कर रही है, ताकि इस ऐप के जरिए ग्राहक घर बैठकर आराम से अपने मनपसंद भाषा में खरीदारी कर सकेंगे। डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के साथ अपनी सप्लाई चेन (आपूर्ति श्रृंखला) का विस्तार फ्लिपकार्ट ने किया है, जिससे देशभर में तेजी से और अधिक कुशलता से डिलीवरी संभव हुई है।इसके अलावा कंपनी ने विक्रेताओं को और अधिक सहयोग प्रदान करने के लिए फ्लिपकार्ट ने कई सुविधाएं शुरू की हैं।
फ्लिपकार्ट प्राइवेट लिमिटेड के विस्तार और खरीदारी की जरूरतों को पूरा करने वाले भरोसेमंद ऐप के बारे में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के बिजनेस हेड साकेत चौधरी ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत की। ऐसे में आइए जानते हैं कि उन्होंने फ्लिपकार्ट की भविष्य की योजना को लेकर क्या-क्या बताया….
टियर-2 और टियर-3 शहरों में ई-कॉमर्स का विस्तार और इस दिशा में फ्लिपकार्ट की अनूठी पहल क्या है?
देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में ई-कॉमर्स कंपनियों का तेजी से हो रहा विस्तार इन क्षेत्रों में बढ़ते डिजिटल एडॉप्शन (स्वीकार्यता) और उपभोक्ताओं की बदलती प्राथमिकता को दर्शाता है। फ्लिपकार्ट ने भी इस बदलाव को संभव बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। इसके लिए हमने अपने लॉजिस्टिक्स, तकनीक और विक्रेता पारिस्थितिकी तंत्र (सेलर्स इकोसिस्टम) मजबूत किया है, ताकि सभी तक आसान पहुंच सुनिश्चित किया जा सके। इन प्रमुख क्षेत्रों में फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के साथ अपनी सप्लाई चेन (आपूर्ति श्रृंखला) का विस्तार फ्लिपकार्ट ने किया है, जिससे देशभर में तेजी से और अधिक कुशलता से डिलीवरी संभव हुई है। भारत को ध्यान में रखकर तैयार मैपिंग, जियोकोडिंग और एजीवी जैसे समाधान से दूरदराज में सटीक डिलीवरी सुनिश्चित होती है।
अपने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर कितने ग्राहकों को मौका देता है फ्लिपकार्ट? फ्लिपकार्ट 14 लाख विक्रेताओं को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने का मौका देता है, जिससे मार्केटिंग या डिस्ट्रीब्यूशन के लिए बड़ा निवेश किए बिना ही उन्हें अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिलती है। इन विक्रेताओं में से कई टियर-2 और टियर-3 शहरों से हैं। डिजिटल पेमेंट के बढ़ने, पारंपरिक व्यवसायों के डिजिटल होने और कंपनी के सतत नवाचार के दम पर भारत का ई-कॉमर्स परिदृश्य आगे और भी तेजी से विकास करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही एक घरेलू मार्केटप्लेस के रूप में फ्लिपकार्ट समावेशी आर्थिक विकास को गति देने और पूरे भारत में ई-कॉमर्स की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
