राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सितंबर 2024 के चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले के मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकवादी संगठन के चार आतंकवादियों को आरोपी बनाया है। आज एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि आरोपियों में पाकिस्तान स्थित नामित आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा और अमेरिका स्थित हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासी शामिल हैं।
चंडीगढ़ स्थित विशेष एनआईए अदालत के समक्ष दायर आरोपपत्र में, सभी चार आरोपियों पर हमले की योजना बनाने और उसे समर्थन देने में उनकी भूमिका के लिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और अन्य संबंधित प्रावधानों की कई धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
एनआईए की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दो आतंकवादी – रिंदा और हैप्पी पासी – हमले के पीछे मुख्य संचालक और साजिशकर्ता थे। इसमें कहा गया है कि उन्होंने ग्रेनेड हमले को अंजाम देने के लिए चंडीगढ़ में भारत स्थित जमीनी गुर्गों को रसद सहायता, आतंकी फंड, हथियार और गोला-बारूद मुहैया कराया था।
इसमें कहा गया है कि सितम्बर 2024 के हमले का उद्देश्य पंजाब पुलिस के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को निशाना बनाना था, जिसके बारे में हमलावरों का मानना था कि वह उस घर में रहता था।
मामले की जांच जारी है और एनआईए बीकेआई आतंकवादी समूह के अन्य सदस्यों का पता लगाने और भारत में उसके नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
