जोधपुर, 12 जनवरी । दुनियाभर में वीआईपी को सुरक्षा प्रदान के लिए कमाण्डोज की विशेष भूमिका रहती है। चाहे भारत हो या अन्य कोई देश, सभी देशों के वीआईपी की सुरक्षा के लिए कमाण्डोज लगाने होते हैं। इसके लिए भारत और घाना के बीच हुए एक समझौते के तहत जोधपुर के राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (आरपीटीसी) में भारत और घाना के कमाण्डो की गुरुवार को ट्रेनिंग शुरू की गई है। तीन महीने की इस ट्रेनिंग में दोनों देशों के कमाण्डोज को वीआईपी सिक्योरिटी के गुर के साथ कई तरह के प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
आरपीटीसी के प्राचार्य एवं डीआईजी पुलिस हरेंद्र कुमार के अनुसार आरपीटीसी में यह वीआईपी सुरक्षा कमाण्डोज कोर्स आज से शुरू किया गया है। तकरीबन 40 लोग इसमें ट्रेनिंग लेंगे। तीन माह तक ट्रेनिंग में वीआईपी सुरक्षा के साथ कई तरह के प्रशिक्षण दिए जाएंगे। ऐसा आरपीटीसी के इतिहास में पहली बार हो रहा है।
गुरुवार को शुरू हुए इस प्रेसिडेंसियल सिक्योरिटी कैंप में दोनों देशों के कई कमाण्डोज के साथ प्रतिनिधि मौजूद रहे। टोबो (घाना) से आए प्रतिनिधि ने भी मीडिया से बातचीत की और इसके बारे में विस्तृत जानकारी के साथ खूबियां बताईं।
