दिल्ली के जल विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज विधानसभा में पानी और सीवर संकट को लेकर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामियों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पानी और सीवर की समस्या नहीं है। यह साबित करता है कि आआपा सरकार ने दस साल तक सिर्फ झूठे वादों और घोषणाओं से दिल्लीवासियों को गुमराह किया। उन्होंने पानी और सीवर की व्यवस्था सुधारने के लिए कुछ नहीं किया।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि आआपा सरकार ने जल आपूर्ति को भी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बना लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में जानबूझकर पानी की कटौती की और अपने विधायकों के इलाकों में सप्लाई बढ़ाई। यह आम जनता के साथ किया गया सबसे बड़ा अन्याय था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जब हम पानी की समस्या पर चर्चा कर रहे हैं, तो सभी आआपा के विधायक खुश हैं, क्योंकि उनके मुख्यमंत्री न तो लोगों को पानी दे पाए और न ही जल आपूर्ति का कोई सिस्टम बना पाए।
उन्होंने कहा कि आआपा के विधायक खुद पानी और सीवर की समस्या को लेकर परेशान हैं। वे शिकायत लेकर आते तो हैं लेकिन पहले यही कहते हैं – ‘आपको मेरी कसम, आप नाम मत लेना!’ इस पर चुटकी लेते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगर मैंने नाम ले लिया तो उनकी कसम टूट जाएगी!”
प्रवेश वर्मा ने आआपा सरकार पर गहरी साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह पूर्ववर्ती सरकार ने भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में सीसीटीवी लगाने से इनकार कर दिया था, ठीक उसी तरह पानी की आपूर्ति में भी भेदभाव किया गया।
उन्होंने कहा कि आआपा सरकार ने भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी थी और अपने विधायकों के इलाकों में जरूरत से ज्यादा पानी पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आआपा सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। पानी और सीवर कनेक्शन के नाम पर जनता को ठगा गया। भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में पानी की कटौती कर वहां के लोगों को सजा दी गई।
प्रवेश वर्मा ने तंज किया कि जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चुनाव हारे, तो आतिशी नाच रही थीं। उन्होंने कहा कि आतिशी आज भी खुश है कि दोनों नेता बाहर हैं।
प्रवेश वर्मा ने भरोसा दिया कि अब पानी और सीवर की समस्या को राजनीति से अलग रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम पूरी दिल्ली में हर विधानसभा में पानी और सीवर लाइन को कनेक्ट करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समर एक्शन प्लान तैयार है और अब जल संकट के नाम पर किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होगा। प्रवेश वर्मा ने साफ कहा कि आआपा सरकार के झूठ और दिखावे का दौर खत्म हो चुका है। दिल्ली में अब काम होगा और जनता की समस्याओं का समाधान होगा।
