नई दिल्ली। दिल्ली के खाद्य आपूर्ति, पर्यावरण और उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ व बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इन विकास कार्यों के तहत लगभग 30 लाख रुपये की लागत से नई पानी पाइपलाइन, संत नगर एक्सटेंशन (गली नंबर 5 के पास) और श्याम नगर एक्सटेंशन मेन रोड में डाली जा रही है। इसके अलावा लगभग 82 लाख रुपये की लागत से विष्णु गार्डन और टीसी कैंप में सीवर लाइन के नवीनीकरण कार्य की शुरुआत हुई।
मंत्री ने कहा कि नई पानी पाइपलाइन बिछने से लोगों को साफ पानी मिलेगा और सीवर लाइन के नवीनीकरण से गंदगी और जलभराव की समस्या कम होगी।
इसके अलावा, लगभग 28 लाख रुपये की लागत से वार्ड नंबर 96 में छह से अधिक गलियों की सड़कों के सुधार और मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। इसमें तीतरपुर, डी ब्लॉक एक्सटेंशन, टैगोर गार्डन और राजौरी गार्डन के प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया है। मंत्री ने बताया कि इन सुधारों से सड़कों की स्थिति बेहतर होगी, जल निकासी की समस्या दूर होगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि लोगों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा किया जा रहा है। हर गली और सड़क का सुधार ‘विकसित दिल्ली’ के हमारे सपने की दिशा में एक और कदम है। साफ पानी और सही सीवरेज व्यवस्था नागरिकों का बुनियादी हर है और हम इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान मंत्री ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उन्हें बिजली, पानी, सफाई एवं सड़कों जैसी नागरिक सुविधाओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह पहल क्षेत्र को स्वच्छ, सुविधाजनक और बेहतर रहने योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
