नई दिल्ली। विश्व होम्योपैथी दिवस से पहले छह अप्रैल को दिल्ली में रन फॉर होम्योपैथी का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस दौड़ में होम्योपैथी के चिकित्सक, पेशेवर धावक, भारतीय सेना, पैरामिलिट्री तथा होम्योपैथी प्रशंसक बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। रन फॉर होम्योपैथी के संयोजक एवं सिंपैथी इंस्टिट्यूट ऑफ होम्योपैथिक फार्मेसी के निदेशक डॉ.आर कांत ने मंगलवार को बताया की दो वर्ग (2 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर) के इस दौड़ में देश के चुनिंदा लगभग 2 हजार धावक भाग ले रहे हैं। इसमें दिल्ली के अलावा अन्य प्रदेशों से आए भागीदारों और कुछ विदेशी मेहमान भी शामिल होंगे।
होम्योपैथी के संस्थापक डॉ सैमुएल हैनीमैन की 270वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह दौड़ अपने क्रम में देश का चौथा बड़ा आयोजन है। आयोजन समिति की ओर से जानकारी देते हुए डॉ आर कांत ने बताया कि इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो रहे हैं। अन्य अतिथियों में दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी तथा दिल्ली विधानसभा के सदस्य चंदन चौधरी के साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वेंकट सुन्दरम, दिल्ली सरकार की आयुष निदेशक डॉ. योगिता मुंजाल, दिल्ली सरकार की पूर्व उप निदेशक डॉ. मृदुला पांडेय सहित कई विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे। डॉ. आर कांत ने बताया कि छह अप्रैल को दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस रन फॉर होम्योपैथी की तैयारी पूरी कर ली गई है।
