रायपुर, 2 अप्रैल। महादेव सट्टा एप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सीबीआई के एफआईआर दर्ज करने के बाद सूबे की राजनीति गरमा गयी है। बुधवार को महादेव ऐप मामले में हुए एफआईआर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार सहित सीबीआई पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि शुभम सोनी के आरोप पर मुझ पर एफआईआर हो सकती है, तो मैं भी आरोप लगा रहा हूं कि मोदी-शाह-विष्णुदेव साय के संरक्षण में महादेव एप चल रहा है। क्या सीबीआई इस पर जांच और कार्रवाई करेगी ? भूपेश ने आरोप लगाया कि यह सारी रचना इस प्रकार रची जा रही है कि भूपेश को गिरफ्तार किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि महादेव सट्टा ऐप मामले में सीबीआई ने अपनी जांच बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश पर शिकंजा कसते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। सीबीआई में अपराध दर्ज होने के बाद सूबे की राजनीति एक बार फिर गरमा गयी है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने जहां सीबीआई की इस कार्रवाई को लेकर पलटवार किया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने पत्रकारों से चर्चा करने के साथ ही एक्स पर बैक टू बैक चार पोस्ट करते हुए इस पूरी कार्रवाई पर सवाल उठाये। बुधवार को महादेव ऐप मामले में सीबीआई की कार्रवाई पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि उनकी सरकार में महादेव एप मामले में 74 से अधिक एफआईआर 200 से अधिक गिरफ्तारी हुई थी।
उसके बाद ईडी आई, उसने अपना काम किया। सरकार बदलने के बाद ईडी ने ईओडब्लू को केस सौंपा और ईओडब्लू ने सीबीआई को केस सौंप दिया। अब सीबीआई ने मुझे आरोपित किया है। यह एफआईआर 18 दिसंबर 2024 की है। भारत सरकार के पास कोई कानून नहीं है। भूपेश ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 1867 गैम्बलिंग एक्ट यानी अंग्रेजों के जमाने का कानून है। ऐसे में केंद्र सरकार ऑनलाइन गेम को लीगल मानती है या इनलीगल ? लीगल मानती है तो प्रोटेक्शन मनी का सवाल नहीं उठता। अगर इनलीगल है तो कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं ? चुनाव के ठीक पहले शुभम सोनी का वीडियो वायरल हुआ था। पहले होटल में असीम दास की गिरफ्तारी होती है और वीडियो भाजपा दफ्तर से जारी होता है।
शुभम सोनी दुबई में काउंसलिंग के ऑफिस में जाकर बयान दिया। आखिर उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई ? कांसूलेट कहता है शुभम के बयान की जिम्मेदारी हमारी नहीं है। भूपेश ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है। इसीलिए यह सारी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि शुभम सोनी के आरोप पर मुझ पर एफआईआर हो सकती है, तो मैं भी आरोप लगा रहा हूं कि मोदी-शाह-विष्णुदेव साय के संरक्षण में महादेव एप चल रहा है। क्या सीबीआई इस पर जांच और कार्रवाई करेगी ? भूपेश ने आरोप लगाया कि यह सारी रचना इस प्रकार रची जा रही है कि भूपेश को गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा कि भूपेश न पहले डरा था, न अब डरेगा, मैने पहले भी गिरफ्तारी दी थी, हम भागने वालों मेें से नहीं है। सत्य के मार्ग पर चल रहे थे और आगे भी चलते रहेंगे।
