नई दिल्ली। दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य एवं परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को दिल्ली सरकार की वेबसाइट को नागरिकों के लिए अधिक सुगम और उपयोगी बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के प्रस्तावित एडवांस वेब पोर्टल के होम पेज पर जनसेवाओं से संबंधी जानकारी को और आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने सोमवार को आईटी विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जल, सीवरेज, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और जनकल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण जनसेवाओं को दिल्ली सरकार के वेब पोर्टल पर और अधिक यूजर फ्रेंडली बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को सहज और पारदर्शी तरीके से सेवाओं की जानकारी उपलब्ध हो। इसके लिए पोर्टल का इंटरफेस सरल और समावेशी बनाया जाए। इस पोर्टल के डेवलप होने पर एक क्लिक से जनसेवाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर दिल्ली सरकार के 100 से अधिक विभागों की जानकारी एक ही जगह पर मिल सकेगी। खास बात यह है कि इसमें दी गई जानकारियां लगातार अपडेट होती रहेंगी और पोर्टल अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। पोर्टल की विकास प्रक्रिया में सुरक्षा, स्पीड और सुगमता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस पोर्टल को ओपन सोर्स ड्रुपल तकनीक का इस्तेमाल कर विकसित किया जा रहा है। इस पोर्टल को एस्केलेबल क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर पर होस्ट किया जा सकेगा ताकि यह आसानी से उपल्बध हो सके।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों की वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारियों को समय-समय पर अपडेट किया जाना आवश्यक है। विभागाध्यक्ष (एचओडी) यह सुनिश्चित करें कि वेबसाइट पर योजनाओं, सेवाओं और संपर्क से जुड़ी सूचनाएं हमेशा नवीनतम और प्रासंगिक रहें।
उन्होंने वेबसाइट की प्रस्तावित अपडेट प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए पोर्टल की डिजाइन को और अधिक सिटीजन फ्रेंडली एवं इंफोर्मेटिव बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पोर्टल का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया जाए कि यह सुव्यवस्थित हो और समाज के सभी वर्गों के नागरिकों के लिए आवश्यक जानकारी सहजता से उपलब्ध हो सके।
