विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भारत और अमेरिका के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग की सराहना की है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा के प्रत्यर्पण पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट का जवाब देते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह वास्तव में हमलों के पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
श्री रुबियो ने अपने पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किया है ताकि उस पर 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों की योजना बनाने में उसकी भूमिका के लिए आरोप लगाए जा सकें। उन्होंने कहा कि भारत के साथ मिलकर अमेरिका लंबे समय से इन हमलों में जान गंवाने वाले छह अमेरिकियों सहित 166 लोगों के लिए न्याय की मांग कर रहा है। श्री रुबियो ने खुशी जताई कि वह दिन आ गया है।
