नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर एक यूट्यूब विज्ञापन पर उसे नीचा दिखाने का आरोप लगाया है। जस्टिस सौरभ बनर्जी ने यूट्यूब विज्ञापन पर रोक लगाने की आरसीबी की अंतरिम मांग पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
आरसीबी ने उबेर इंडिया सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ याचिका दायर कर कहा है कि उसके विज्ञापन में आरसीबी को नीचा दिखाने की कोशिश की गई। याचिका में कहा गया कि उबेर इंडिया ने “Baddies in Bengaluru ft. Travis Head” नामक विज्ञापन में आरसीबी को नीचा दिखाया। आरसीबी ने याचिका में कहा कि इस विज्ञापन में हैदराबाद की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ट्रैविस हेड ने आरसीबी को नीचा दिखाया। इस विज्ञापन के मुख्य किरदार भी ट्रैविस हेड हैं।
आरसीबी ने कहा कि इस विज्ञापन में उनके ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में ट्रैविस हेड चिन्नास्वामी स्टेडियम की ओर भागते हुए दिख रहे हैं। वे बेंगलुरु बनाम हैदराबाद के साइनबोर्ड पर स्प्रे पेंट से रॉयली चैलेंज्ड लिख देते हैं।
