दिल्ली सरकार ने मॉनसून से पहले जलभराव, ट्रैफिक जाम और डार्क स्पॉट्स जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की। इस बैठक में दिल्ली पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली नगर पालिका परिषद दिल्ली नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित तमाम प्रमुख एजेंसियों ने भाग लिया।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से दिल्ली के प्रमुख जलभराव प्रभावित क्षेत्रों (मिंटो ब्रिज, चालक ब्रिज और आईटीओ) का दौरा किया और मौके पर जाकर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर जरूरी काम समय पर पूरा किया जाए ताकि इस मॉनसून में किसी भी स्थान पर जलभराव की समस्या न देखने को मिले।
बैठक में किए गए मुख्य निर्णय
जलभराव पर सख्त नजर : 2023 में दिल्ली पुलिस ने 308 जलभराव वाले स्थानों की पहचान की थी, जो 2024 में घटकर 194 रह गई। इनमें से अधिकतर स्थान पीडब्ल्यूडी के अधीन हैं। नालों से गाद निकालने का काम तेजी से हो रहा है। जरूरत वाले स्थानों पर पंप स्टेशन लगाए जा रहे हैं। कई पंप स्टेशनों को ऑटोमैटिक किया जा रहा है। ऑपरेटरों की कमी को दूर कर नई नियुक्तियां की जा रही हैं। जहां ड्रेन निर्माण कार्य चल रहा है, वहां भी पंप सेट लगाकर अस्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
ट्रैफिक कंजेशन : दिल्ली पुलिस ने 233 ऐसे ट्रैफिक पॉइंट्स चिह्नित किए हैं, जहां नियमित रूप से जाम लगता है। अधिकतर पॉइंट्स पीडब्ल्यूडी के अधीन हैं, और उनके सुधार के लिए कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
डार्क स्पॉट्स पर अभियान : दिल्ली पुलिस द्वारा 3808 डार्क स्पॉट्स की पहचान की गई है। इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट्स लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। दिल्ली नगर पालिका क्षेत्र में पिछले साल बारिश के दौरान जलभराव की शिकायतें सामने आई थीं। वहां विशेष कार्य योजना के तहत सुधार कार्य जारी है। दिल्ली के सभी क्षेत्रों में एक समग्र योजना पर अमल हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार इस बार पूरी तैयारी के साथ मॉनसून का सामना करेगी। हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि राजधानी के किसी भी हिस्से में जलभराव, ट्रैफिक जाम या डार्क स्पॉट्स जैसी समस्याएं नजर न आएं। हमने सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं और हर बारीकी पर निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जहां ड्रेन का निर्माण अभी चल रहा है, वहां भी पंप सेट और वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि एक भी नागरिक को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल खुद मौके पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पुलिस जैसे सभी विभाग एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। सरकार पूरी मुस्तैदी से हर समस्या का स्थायी समाधान देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस मॉनसून में एक भी गली, सड़क या चौराहा जलभराव से प्रभावित नहीं होगा।
