दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज दिल्ली के मुद्दे उठाने में पूरी तरह अक्षम हैं। इसी क्रम में आज सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार द्वारा 1111 जीपीएस युक्त पानी टैंकर चलाने की योजना की निंदा कर रहे हैं।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव हारते ही सौरभ भारद्वाज ने खुद को बेरोजगार नेता घोषित कर लिया और अब वह बयानवीर बनकर रह गए हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दो महीने में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के प्रयासों से दिल्ली में पेयजल आपूर्ति में सुधार हुआ है।
सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार गर्मी के मौसम में सत्ता में आई है और योजना बनाने का समय नहीं रहा। इसलिए दिल्लीवालों को तुरंत राहत देने के लिए टैंकर सुविधा की शुरू की है। सरकार का लक्ष्य हर घर को नल से जल देना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जीपीएस वाले पानी टैंकर दिल्ली की पानी की गंभीर कमी झेलने वाले दूर-दराज इलाकों की प्यास बुझाने का माध्यम बनेंगे। इससे पानी माफिया एवं जल बोर्ड स्टाफ दोनों के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सौरभ भारद्वाज का दावा की उनकी सरकार के समय भी टैंकरों में जीपीएस लगे थे, पूर्णतया हास्यास्पद है।
