नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सोमवार की रात जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में विशाल मशाल यात्रा निकाली। यह मशाल यात्रा जेएनयू के गंगा ढाबे से निकलकर चंद्रभागा छात्रावास तक गई, जिसमें जेएनयू के अलग-अलग विभागों से सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस मशाल यात्रा में अभाविप की तरफ से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार शिखा स्वराज, उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार निट्टू गौतम, सचिव पद के उम्मीदवार कुणाल राय एवं संयुक्त सचिव के उम्मीदवार वैभव मीणा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में छात्र उपस्थित रहे, जिन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे नारे लगाए।
अभाविप की जेएनयू इकाई के अध्यक्ष राजेश्वर कांत दुबे ने कहा कि आज हमने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में गंगा ढाबे से लेकर चंद्रभागा छात्रावास तक विशाल मशाल यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रतिभाग किया। इस मशाल यात्रा में उमड़े हुजूम से पता चल रहा है कि जेएनयू से वामियों का सूपड़ा साफ होने वाला है और विद्यार्थी परिषद जेएनयू छात्र संघ चुनाव में चारों सीटों पर मजबूती के साथ आ रहा है।
