नई दिल्ली। समाज कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, चुनाव और सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सस्ता लोन और ऑनलाइन प्रक्रिया को आसान बनाकर दिल्ली वासियों के अपने घर का सपना पूरा किया जाएगा। मंत्री ने बुधवार को दिल्ली सहकारी आवास वित्त निगम लिमिटेड (डीसीएचएफसी) के अधिकारियों के साथ निगम के कार्यों और आगामी योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की।
सहकारिता मंत्री ने बैठक में सभी योजनाओं को दिल्लीवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सस्ता लोन देकर दिल्लीवासियों के घर के सपने को पूरा करें।
सहकारिता मंत्री ने विभाग को तकनीकी रूप से अपग्रेड करने का निर्देश दिया ताकि लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आसान हो। झुग्गियों या कच्चे मकानों में रहने वालों को सस्ते लोन देने की प्रक्रिया भी आसान बनाएं। साथ ही पर्यावरण के अनुकूल कार्यों जैसे सोलर पावर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज में आधारभूत संरचना के कार्यों को वित्तीय प्रोत्साहन दें। इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
रविंद्र इंद्राज ने कहा कि दिल्लीवासियों के लिए आवेदन प्रक्रिया से लेकर कार्य पूर्ण होने तक निर्धारित शुल्क के अलावा कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ ना लगे, यह दिल्ली सहकारी आवास वित्त निगम सुनिश्चित करे।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि आरसीएस की निगरानी में डिफाल्टर्स से रिकवरी की प्रक्रिया भी तेज होनी चाहिए।
