आतंकवाद निरोध पर भारत-मिस्र संयुक्त कार्य समूह की चौथी बैठक कल काहिरा में हुई। भारतीय राजदूत केडी देवल और मिस्र के राजदूत वालिद अल-फिकी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में दोनों देशों की विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि बैठक के दौरान भारत और मिस्र ने पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। मिस्र ने सभी प्रकार की हिंसा का सामना करने में भारत को अपना पूरा समर्थन देने की पुष्टि की और दोनों पक्ष सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद का मुकाबला करने में संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने पर सहमत हुए। दोनों देशों ने अपने-अपने देशों और क्षेत्रों में आतंकी खतरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने प्रौद्योगिकी, क्रिप्टोकरेंसी और साइबरस्पेस के आतंकवादी उपयोग जैसी उभरती चुनौतियों पर चर्चा की। दोनों देशों ने धन शोधन, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने और प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (यूएन), ब्रिक्स और वैश्विक आतंकवाद निरोधक मंच सहित बहुपक्षीय सहयोग पर भी जोर दिया तथा अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद पर संयुक्त राष्ट्र व्यापक सम्मेलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
