चंडीगढ़, 13 जनवरी । हरियाणा की जेलों में कैदियों के अच्छे दिन आने वाले हैं। राज्य सरकार ने अंग्रेजों के समय से चले आ रहे जेल मैनुअल को बदलने का फैसला कर लिया है। इसके चलते कैदियों को उनकी भूख के अनुसार खाना दिया जाएगा।
हरियाणा के जेल मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि पहले कैदियों को साढे़ 4 बजे खाना दे दिया जाता था। इसके बाद कैदियों को बैरकों में भेज दिया जाता था। यह नियम अंग्रेजों के जमाने से चला आ रहा है। उस समय बिजली की व्यवस्था नहीं होती थी। ऐसे में कैदियों को सूर्य छिपने से पहले खाना देकर बैरकों में भेज दिया जाता था। इसी प्रकार पहले कैदियों को सात रोटियां दी जाती थीं।
इस व्यवस्था को बदलने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा जेल मैनुअल में बदलाव किया गया है। जेल विभाग की योजना को मुख्यमंत्री द्वारा मंजूरी दे दी गई है। अब कैदियों को उनकी भूख के अनुसार रोटी दी जाएगी। इससे जेलों में राशन की बचत होगी। वहीं कैदियों को सप्ताह में एक दिन डेढ़ सौ ग्राम वजन वाली काजू पिन्नी अथवा चूरमा तथा एक दिन डेढ़ सौ ग्राम खीर या हलवा दिया जाएगा। चौधरी रणजीत सिंह ने बताया कि इस योजना को अगले एक माह के भीतर लागू कर दिया जाएगा।
