नई दिल्ली, 3 मई । विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में तीन अत्याधुनिक आउटडोर ओपन मल्टी-जिम का उद्घाटन किया। इन नवनिर्मित फिटनेस केंद्रों में अत्याधुनिक व्यायाम उपकरण लगाए गए हैं। नए ओपन मल्टी-जिम्स क्रमश जिला पार्क रोहिणी सेक्टर-14, डीडीए स्पोर्ट्स पार्क रोहिणी सेक्टर-8 और डीडीए पार्क अमन अपार्टमेंट्स के निकट रोहिणी सेक्टर-13 एक्सटेंशन में है।
इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में कुल 13 सार्वजनिक पार्क हैं। आज के उद्घाटन के साथ अब तीन पार्कों में आधुनिक जिम ढांचा उपलब्ध हो गया है। शेष पार्कों को भी इसी तरह विकसित करने की योजना प्रगति पर है, जिससे पूरे क्षेत्र में समान रूप से फिटनेस संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
रोहिणी में एक सभा के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि रोहिणी केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह साझा सपनों का एक समुदाय है, जो सामूहिक प्रयास और प्रतिबद्धता से आकार ले रहा है। हाल ही में हुए सुधारों और जन समस्याओं के त्वरित समाधान को रेखांकित करते हुए गुप्ता ने निवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी आस्था ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि हर समस्या का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सुलझाया जाता है। अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए गुप्ता ने कहा कि रोहिणी की जनता की सेवा करना न केवल उनका सर्वोच्च कर्तव्य है, बल्कि यह उनके लिए सच्ची भक्ति की अभिव्यक्ति भी है।
