रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर उनकी जिम्मेदारी सशस्त्र बलों के साथ मिलकर काम करना और भारत पर बुरी नज़र डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना है। रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में संस्कृति जागरण महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर सैनिकों के साथ-साथ देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता जो चाहेगी, वह होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अब पूरी दुनिया भारत को पहचानती है और वैश्विक मंच पर उसकी बातों को सुनती है। उन्होंने कहा कि भारत जो पहले अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर था, अब दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र बनने के लिए भारत को न केवल आर्थिक रूप से विकसित होना चाहिए, बल्कि उसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी सशक्त होना चाहिए।
