नई दिल्ली, 7 मई । दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को रोहिणी क्षेत्र में आयोजित आयुष्मान भारत शिविर का दौरा किया। विजेंद्र गुप्ता ने शिविर में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। यह शिविर रोहिणी के सेक्टर 9 और 13 में आयोजित किया गया।
इस मौके पर विजेंद्र गुप्ता ने घोषणा की कि अब रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में ऐसे आयुष्मान शिविर रोजाना लगाए जाएंगे, जिससे निरंतर और बिना किसी सीमा के आयुष्मान कार्ड जारी किए जा सकें।
गुप्ता ने यह भी बताया कि अब रोहिणी के बुजुर्ग नागरिक आयुष्मान भारत के आधिकारिक ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। कार्ड जारी होने के तुरंत बाद यह सक्रिय हो जाता है, जिससे 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक निजी अस्पतालों में भी इलाज करा सकते हैं।
इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, ने भाग लिया और मौके पर ही आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर कार्ड प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि यह पहल समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सार्थक कदम है और क्षेत्र में बुजुर्ग आबादी की भलाई के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
