नई दिल्ली,। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देने में भारतीय सशस्त्र बलों को उनके दृढ़ नेतृत्व और अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने यह जानकारी एक्स पर साझा की। धन्यवाद प्रस्ताव में दिल्ली कैबिनेट ने भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल आतंकियों को सफलतापूर्वक बेअसर करने के लिए सशस्त्र बलों की बहादुरी, सटीकता और देशभक्ति की सराहना की गई है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि आतंकवाद के सामने भारत एकजुट है और यह ऑपरेशन हमारी ताकत, एकता और हमारे लोगों और हमारी भूमि की रक्षा के संकल्प का प्रमाण है। पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर, हमारे सशस्त्र बलों द्वारा इस तेज और सफल मिशन ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत न भूलता है, न माफ करता है। हम 26 निर्दोष लोगों की जान का बदला लेने के लिए बहादुर सैनिकों को सलाम करते हैं। ये आतंकवाद के खिलाफ नए भारत का अटूट संकल्प दृढ़, निडर और एकजुट है। ऑपरेशन सिंदूर स्पष्ट संदेश है कि भारत आतंक को बर्दाश्त नहीं करेगा।
