दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से आतंक न बर्दाश्त करने और दुश्मनों करारा जवाब देने की संदेश दिया है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सेना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि इतने बड़े ऑपरेशन सिंदूर में वायुसेना ने अपने सभी पूर्व निर्धारित आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। वायु सेना ने किसी सामान्य नागरिक को क्षति पहुंचे बिना यह ऑपरेशन सफल किया। यह भारतीय सैन्य बलों की पराक्रम की पराकाष्ठा है।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने एक्स पर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सच्ची वीरांगना कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने न केवल सेना में महिलाओं की भागीदारी का नया इतिहास रचा है, बल्कि देश के दुश्मनों को करारा जवाब भी दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से आतंक को बर्दाश्त नहीं करने का स्पष्ट संदेश दिया।
दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने एक्स पर कहा कि देश की बेटियों का सिंदूर उजाड़ने वालों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बता दिया कि ये नया भारत है, छोड़ता नहीं है।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने एक्स पर कहा कि आज एक चुटकी सिंदूर की कीमत आतंकियों और उनके आकाओं को समझ आ गई होगी। पहलगाम आतंकियों ने कहा था ‘जाओ मोदी को बता देना, आज मोदी ने बता दिया’।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने एक्स पर कहा कि आतंकवादी ठिकानों पर हमले से पूरा देश खुश है। सेना ने नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है। भारत की सेना और सरकार को हम बधाई देते हैं। इस ऑपरेशन में किसी भी पाकिस्तान के आम नागरिक को कोई तकलीफ नहीं हुई है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ बदला नहीं, यह नये भारत का संदेश है कि जहां आतंक पलता है, वहीं उसका अंत रचता है।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिश ने एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी के लिए भारतीय सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीय, भारतीय सेना को अपनी शुभकामनाएं भेज रहे हैं। हम सभी उनके साहस के सम्मान में अपना सिर झुकाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने बड़ी बहादुरी और पराक्रम के साथ आतंकवादियों के घर में घुसकर उनके ठिकानों को बर्बाद किया है। पूरा देश इस पल का इंतजार कर रहे थे। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने इसे कर दिखाया।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की शहादत का बदला हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत बखूबी ले लिया उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए जो भी आतंकवादी गतिविधियों को देश में प्रायोजित करेगा उसका माकूल जवाब देने के लिए भारतीय सेनाएं पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व हैं क्योंकि कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी जांबाज महिलाएं भी भारतीय सेना में मौजूद है। जो इस संकट के समय पुरुष सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की रक्षा के लिए तैयार खड़ी हैं। भारतीय सेना ने समय-समय पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए दुश्मनों की कायराना हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
