दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGIA) पर इस समय सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण एयरस्पेस में कुछ बदलाव किए गए हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में उड़ानों पर पड़ सकता है।
सुरक्षा जांच में लग सकता है अधिक समय
Delhi International Airport Limited (DIAL) ने यात्रियों को सूचित किया है कि नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के निर्देशों के तहत सुरक्षा उपाय और कड़े किए गए हैं। इस कारण सुरक्षा जांच में सामान्य से अधिक समय लग सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचे और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करें। DIAL ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर समय-समय पर जानकारी साझा की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से लिया गया एहतियाती कदम
शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से दिल्ली एयरपोर्ट से 138 उड़ानों को रद्द करना पड़ा था। एयरस्पेस में बदलाव और भारत-पाक तनाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी निर्णय पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ लिए जा रहे हैं।
