प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस्लामाबाद को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पाकिस्तान में अब कोई ऐसी जगह नहीं बची है जहां आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। उन्होंने कहा कि भारत में आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर खत्म करने की क्षमता है। श्री मोदी ने यह बात पंजाब के आदमपुर स्थित वायुसेना स्टेशन पर वायु योद्धाओं और सैनिकों से बातचीत के दौरान कही।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकवादी शिविरों को नष्ट कर दिया है और 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना, जिस पर ये आतंकवादी निर्भर थे, को भारतीय सशस्त्र बलों ने परास्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि आतंक के आकाओं को अब यह एहसास हो गया है कि निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही नतीजा होगा, तबाही और पूरी तरह से विनाश।
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करने वाले सशस्त्र बलों के साहस, वीरता और व्यावसायिकता की सराहना की। उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर ने देश का मनोबल बढ़ाया है, देश को एकता के सूत्र में पिरोया है और भारत की सीमाओं की रक्षा की है। उन्होंने कहा, सशस्त्र बलों ने देश के गौरव को एक नई ऊंचाई दी है जो अभूतपूर्व, अकल्पनीय और असाधारण है। उन्होंने कहा, भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया और सिर्फ 20-25 मिनट के भीतर सीमा पार के ठिकानों पर हमला किया, यह दर्शाता है कि इस आधुनिक तकनीक से लैस एक पेशेवर बल ऐसा कर सकता है।
