नई दिल्ली। दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के 111 गांवों में पीएनजी कनेक्शन की शुरुआत की। यह गैस कनेक्शन इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड़ द्वारा लगे हैं।
द्वारका के गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पीएनजी कनेक्शन देने की शुरूआत हुई। पहला पीएनजी गैस कनेक्शन दक्षिण दिल्ली के गांव मसूदपुर की सुरेश देवी को दिया गया है।
इस मौके दिल्ली के मंत्री आशीष सूद, रविंद्र इंद्राज सिंह, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब आह्वान किया तब गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पहले फेज में 130 गांव में घर-घर पाइपलाइन पहुंची। उन्होंने कहा कि आज दूसरे फेज में 111 गांव में और साल के अंत तक हम 116 गांव में गैस पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन होने से दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हजारों परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और निरंतर घरेलू गैस आपूर्ति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण परिवारों को सिलेंडर भरवाने की प्रतीक्षा, उठाने-ढोने की परेशानी और अस्थिर आपूर्ति जैसी कठिनाइयों से मुक्ति मिलेगी। पीएनजी कनेक्शन न केवल सुलभ और किफायती है बल्कि दैनिक जीवन को सरल और सुरक्षित भी बनाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जनसुविधा और जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और विकसित दिल्ली के विजन की ओर एक ठोस कदम है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल राजधानी के प्रत्येक घर तक स्मार्ट, विश्वसनीय और स्थायी ऊर्जा पहुंचाने के संकल्प को दर्शाती है।
मंत्री आशीष सूद ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा 111 गांवों में पीएनजी सुविधा का शुरूआत हो चुकी है। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन हर रसोई से धुआं हटाना है। 2022 तक 30 फीसद गांव अभी भी पारंपरिक ऊर्जा साधनों का इस्तेमाल करते थे। उसमें परिवर्तन हुआ है और 111 गांवों के साथ आज नया अध्याय शुरू हुआ है।
मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली के 111 गांवों में एक साथ पीएनजी कनेक्शन को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अब हर घर पहुंचेगी स्वच्छ, सस्ती और सुरक्षित गैस सेवा।
