दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी में आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड का वितरण मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया था। हमने अब तक हजारों लोगों के कार्ड बनाए हैं। इसके साथ ही हम अस्पतालों की सूची भी उपलब्ध करा रहे हैं ताकि वे उन अस्पतालों में जाकर इसका लाभ उठा सकें। हम उन्हें इसके बारे में जागरूक भी कर रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि हम एक छोटा सा आयुष्मान भारत कार्ड दे रहे हैं, जो ड्राइविंग लाइसेंस जैसा दिखता है। साथ ही अस्पतालों की सूची भी दी जा रही है। यह कार्ड सुविधाजनक है और इसे जेब में रखा जा सकता है। इसे आप कहीं भी ले जा सकते हैं। दुर्भाग्य से अगर कोई बाहर यात्रा करते समय बीमार पड़ जाता है, तो इस कार्ड से उसे 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकता है।
दिल्ली की सभी विधानसभाओं में आयुष्मान कार्ड का वितरण लगातार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दस अप्रैल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुआ। विज्ञान भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। आयुष्मान योजना के तहत दिए जा रहे 5 लाख के स्वास्थ्य सुरक्षा के अतिरिक्त दिल्ली सरकार भी 5 लाख का टॉप-अप कवर प्रदान कर रही है। इस तरह प्रत्येक लाभार्थी को कुल 10 लाख तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध हो रहा है।
दिल्ली के नागरिक बेझिझक और बिना किसी बाधा के अपना इलाज इस कार्ड से करा सकेंगे, किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में यह सुविधा मिलेगी, जिससे इलाज की गुणवत्ता और पहुंच दोनों सुनिश्चित होंगी। यह योजना न सिर्फ स्वास्थ्य सुरक्षा है, बल्कि हर परिवार को सम्मान और आत्मविश्वास देने वाला कदम है। दिल्ली सरकार का संकल्प है कि कोई भी व्यक्ति पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। सरकार इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि हर पात्र व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिले। यह योजना विशेष रूप से गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक संजीवनी साबित होगी। दिल्ली सरकार, हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है।
