नई दिल्ली। दिल्ली के परिवहन, स्वास्थ्य एवं आईटी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को बीएसईएस के सीईओ के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली वितरण, नए कनेक्शन और आधारभूत ढांचों में सुधार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मंत्री सिंह ने बैठक में कहा कि नए बिजली कनेक्शन के आवेदन को जल्द से जल्द निपटाए जाएं और विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर नए बिजली मीटर उपल्ब्ध कराए जाएं। उन्होंने विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में बंद और खराब स्ट्रीट लाइट्स को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और निर्बाध पावर सप्लाई सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने निर्देश दिए कि हाई-वोल्टेज तारों के पास मौजूद पेड़ों की नियमित छंटाई की जाए ताकि पावर कट होने का खतरा कम हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बीएसईएस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें और जहां कहीं भी लटके हुए बिजली के तार दिखें, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। इससे न सिर्फ बिजली की आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
मंत्री सिंह ने उपभोक्ताओं की बिजली बिल और मीटरिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बीएसईएस को निर्देश दिया कि वह विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में नियमित रूप से विशेष शिविरों का आयोजन करे।
