विदेश सचिव विक्रम मिस्री आज शाम बहुदलीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों को विदेश यात्रा से पहले जानकारी देंगे और आतंकवाद के खिलाफ भारत का कड़ा संदेश दुनिया तक पहुंचाएंगे। भाजपा सांसद बैजयंत पांडा, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और एनसीपी (एससीपी नेता) सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कल अपने दौरे पर रवाना होंगे, जबकि भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल परसों रवाना होगा।
बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया जाएगा, और शशि थरूर के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया में आतंकवाद के खिलाफ भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतिनिधित्व करेगा। सुश्री सुप्रिया सुले के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा, और श्री रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल यूके, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क जाएगा।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही ऑपरेशन सिंदूर के तहत प्रमुख देशों से संपर्क करेगा, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है। प्रतिनिधिमंडल राजनीति से ऊपर राष्ट्रीय एकता का एक शक्तिशाली प्रतिबिंब है, जो आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता का साझा संदेश देता है।
