नई दिल्ली। मुंबई आतंकी हमले के आरोपित और साजिशकर्ता तहव्वुर राणा ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर कर अपने परिवार से बात करने की अनुमति मांगी है। स्पेशल जज चंदर जीत सिंह इस याचिका पर कल यानी 28 मई को सुनवाई करेंगे। तहव्वुर राणा फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। एनआईए ने 10 अप्रैल की शाम को तहव्वुर को दिल्ली के पालम वायुसेना अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार किया था।
इसके पहले भी 24 अप्रैल को कोर्ट ने तहव्वुर राणा की अपने परिवार के सदस्यों से बात करने की अनुमति की मांग खारिज कर दी थी। तहव्वुर राणा फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। 9 मई को कोर्ट ने राणा को 6 जून तक की न्यायिक हिरासत में भेजा था। 3 मई को कोर्ट में तहव्वुर राणा के आवाज और लिखावट के नमूने लिए गए थे। एनआईए ने 10 अप्रैल की शाम को तहव्वुर को दिल्ली के पालम वायुसेना अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार किया था।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रत्यर्पण के खिलाफ राणा की याचिका खारिज किए जाने के बाद उसे लाने के लिए भारतीय एजेंसियों की एक टीम अमेरिका गई थी। तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है। 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है।
पाकिस्तान मूल के 64 वर्षीय तहव्वुर राणा और डेविड कोलमैन हेडली बचपन के दोस्त थे और दोनों ने एक ही सैनिक स्कूल से पढ़ाई की थी। तहव्वुर राणा ने डेविड कोलमैन हेडली की मदद के लिए मुंबई में एक एजेंसी खोली थी।
