भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 2-3 दिनों के दौरान देश के पूर्व, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है।
आईएमडी ने कहा कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक, केरल, माहे, कोंकण और गोवा में कल तक इतनी ही बारिश होने का अनुमान है।
आईएमडी ने विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार में कल तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम एजेंसी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे कल तक दक्षिण अरब सागर और मध्य अरब सागर के दक्षिणी हिस्सों में न जाएं, और कल से बुधवार तक दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्रों में न जाएं।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और अगले 4 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि का अनुमान लगाया है। इस बीच, आईएमडी ने आज राष्ट्रीय राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है, जहाँ न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
