कोलंबिया ने आधिकारिक तौर पर अपना वह बयान वापस ले लिया है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर संवेदना व्यक्त की गई थी। यह बयान कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की कोलंबिया में विदेश मामलों की उप मंत्री रोजा योलांडा विलाविसेनियो के साथ हुई बैठक के बाद आया है।
आकाशवाणी के संवाददाता ने बताया कि आतंकवाद के उन्मूलन के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता के प्रदर्शन के रूप में, सात बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल विदेश में अपने आधिकारिक दौरे के दौरान उच्च स्तरीय चर्चाओं में शामिल होते रहते हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने कोलंबिया के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देते हुए हाल की घटनाओं पर भारत के विचार व्यक्त किए और कोलंबिया के बयान पर निराशा व्यक्त की।
सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री थरूर ने कहा कि कोलंबिया के मंत्रियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बयान वापस ले लिया गया है और भारत की स्थिति को अब ठीक से समझा गया है और उसका दृढ़ता से समर्थन किया गया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत ब्रिक्स के साथ संबंधों को बहुत महत्व देता है जिसका भारत संस्थापक सदस्य है। उन्होंने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ – विकासशील दुनिया के देशों के विकास से भी बहुत जुड़ा हुआ है।
इस बीच, शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने सिएरा लियोन की अपनी यात्रा पूरी कर ली है। डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लातविया में प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की।
शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संसद के अध्यक्ष, रक्षा उप मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा समन्वयक, कार्यवाहक विदेश मंत्री और सिएरा लियोन के उपराष्ट्रपति सहित सिएरा लियोन के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों के साथ व्यापक बैठकें कीं। प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य-सहिष्णुता नीति पर प्रकाश डाला और इस खतरे से निपटने में वैश्विक एकता के महत्व पर जोर दिया।
एकजुटता के एक मजबूत प्रदर्शन में, सिएरा लियोन की संसद ने पहलगाम में आतंकवादी हमले की निंदा की और हमले के पीड़ितों के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा। यात्रा का समापन आतंकवाद का मुकाबला करने और अंतर्राष्ट्रीय शांति बनाए रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, वित्तीय कार्रवाई कार्य बल-एफएटीएफ और अन्य वैश्विक मंचों पर समन्वित कार्रवाई के आह्वान के साथ हुआ।
