नई दिल्ली। समाज कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, चुनाव और सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं, मांगें और सुझावों को मंत्री के आगे प्रस्तुत किया। मंत्री ने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण ही जनसेवा का मूल उद्देश्य है। सरकार जनसहभागिता और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
रविंद्र इंद्राज ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समाज कल्याण मंत्री ने जनसुनवाई के दौरान आए हुए लोगों से संवाद करते हुए सरकार की पेंशन और छात्रवृत्ति से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और आगामी पहलों की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि यह जनसुनवाई सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों की दिशा में है।
