दिल्ली में सोमवार को एक भव्य कार्यक्रम के तहत भारत की सबसे बड़ी टेनिस बॉल क्रिकेट लीग ‘लेजेनजी टी10’ का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अनोखी पहल का उद्देश्य गली-मोहल्लों में छिपी क्रिकेट प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम की शोभा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और लीग अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने बढ़ाई। उनके साथ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार बल्लेबाज हर्शल गिब्स, क्रिकेटर क्रिस्टोफर बॉबी मोफू, सह-संस्थापक मीनाक्षी अग्रवाल और लीग के संस्थापक एवं सीईओ चिरंजीव दुबे भी मंच पर उपस्थित रहे।
इस मौके पर वेंकटेश प्रसाद ने कहा, “हमने अक्सर गलियों में ऐसे युवाओं को खेलते देखा है, जिनमें असाधारण प्रतिभा होती है, लेकिन उन्हें सही मंच नहीं मिल पाता। लेजेनजी टी10 उनके लिए वही मंच है, जहां से वे अपने सपनों की उड़ान भर सकते हैं।”
लीग के संस्थापक और सीईओ चिरंजीव दुबे ने कहा, “हम चाहते हैं कि हर गली का खिलाड़ी स्टेडियम की रौशनी में, टीवी स्क्रीन पर दिखे। यही लेजेनजी टी10 का विज़न है।”
लीग की सह-संस्थापक मीनाक्षी अग्रवाल ने कहा, “यह केवल एक लीग नहीं बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम है। हमें गर्व है कि हम इस यात्रा का हिस्सा हैं।”
इस आयोजन में खास आकर्षण बने हर्शल गिब्स, जिन्होंने बताया कि उनके बेटे ने भी इस लीग के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि टेनिस बॉल क्रिकेट से खिलाड़ियों की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया गति तेज होती है। यह एक रोमांचक प्रारूप है।
