धमतरी, 16 जनवरी ।कांग्रेस समर्थित महापौर विजय देवांगन के कार्यकाल का 15 जनवरी 2023 को तीन साल पूरे गए। इस दौरान उन्होंने शहर में करोड़ों के कई कार्य कराकर विकास के कई आयाम गढ़े हैं। शहर के 40 वार्डों में नाली व सड़क के जाल बिछा दिया है। वहीं 138 सालों से विद्युत कनेक्शन लगाने चली आ रही एनओसी प्रथा को समाप्त कर मितान के माध्यम से घर बैठे 15 प्रकार के प्रमाण पत्र को घर पहुंच सेवा देकर कर रहे हैं। साथ ही नगर निगम के वातावरण को बदलकर काम कर रहे हैं।
नगर निगम धमतरी के महापौर विजय देवांगन ने 15 जनवरी को अपने तीन साल के कार्यकाल पूरा होने पर यह बातें कहीं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय निगम के सभापति अनुराग मसीह, सभी पार्षदों और शहरवासियों को दिया है, क्योंकि शहर के विकास में सभी की भूमिका है।
महापौर विजय देवांगन ने बताया कि अपने कार्यकाल में अब तक 30 से 40 करोड़ रुपये के सड़क व नाली का निर्माण करा चुके हैं। साढ़े तीन करोड़ रुपये से मुजगहन व हरफतराई से बायपास रोड निकाला जाएगा। मुजगहन में 30 करोड़ रुपये की लागत से सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य जारी है। शहर में जल आर्वद्धन योजना के तहत पाइपलाईन विस्तार जारी है। तीन टंकी का कार्य पूर्ण हो चुका है। 13 अवैध कालोनियों को वैध किया गया है। वहीं भवन निर्माण के लिए आनलाइन नक्शा पास कराने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू किया जाएगा।
मितान योजना के तहत अब तक ढाई हजार लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों का वितरण किया जा चुका है। जरूरतमंदों के लिए रैनबसेरा बनाकर शुरूआत की गई है, इसका लाभ लोगों को मिलेगा। शहर में सात जगहों पर हमर क्लीनिक का निर्माण किया जाएगा, इसके लिए चार से पांच जगहों पर भूमिपूजन हो चुका है। जल्द ही छोटा अस्पताल वार्डों में मिलेगा, जहां एमबीबीएस डाक्टर व स्टाफ उपलब्ध होंगे। दो जगहों पर धन्वतरी मेडिकल का शुभारंभ किया गया है, जहां से लोगों को सस्ते पर दवाईयां उपलब्ध है। तालाबों के सौंदर्यीकरण, तालाबों में पानी भरने समेत कई कार्य किया गया है। अर्जुनी मोड़ से मंडी तक एलईडी लाइट, कर्मा चौक पर पौनी पसारी योजना से शेड बनाए है। वहीं शहर के 30 समाजों के लिए सामुदायिक भवन समेत कई कार्य किए है। नहर नाका के पास इलेक्ट्रिकल शवदाह का निर्माण समेत 200 मकान बनाने नक्शा पास किया गया है। वहीं चौपाटी को प्रारंभ कर ठेले, खोमचे वालों को निर्धारित जगह उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा शहर विकास के लिए कई कार्य किया गया है।
गोकुल नगर बसाने जल्द पहल
शहरवासियों को बेसहारा मवेशियों से निजात दिलाने के लिए गोकुलनगर जल्द बसाया जाएगा, इसके लिए काम किया जा रहा है। वहीं शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए कई प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। महापौर विजय देवांगन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बहुत जल्द धमतरी अंचल में भेंट-मुलाकात के लिए आएंगे। मुख्यमंत्री से रत्नाबांधा रोड, सिहावा रोड, गंगरेल रोड, बिलाईमाता मंदिर रोड को बनाने के लिए 117 करोड़े रुपये की मांग रखेंगे। इसी तरह हाईटेक बस स्टेंड, तालाबों के सौंदर्यीकरण, चौक चौराहों की सौंदर्यीकरण, ट्रांसपोर्ट नगर आदि के लिए 80 से 90 करोड़ रुपये की मांग करेंगे। सभापति अनुराग मसीह ने कहा कि महापौर विजय देवांगन के तीन साल के कार्यकाल पक्ष-विपक्ष समेत सभी के सहयोग से अच्छे ढंग से पूरा हुआ है। महापौर चाहे कांग्रेस हो या भाजपा सभी के वार्डों में कार्य करा रहे हैं। चर्चा के दौरान उनके साथ सभापति अनुराग मसीह, एमआईसी सदस्य राजेश ठाकुर, राजेश पांडे उपस्थित थे।
