प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना का निर्माण करीब 44 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि यूएसबीआरएल परियोजना पूरी तरह से विद्युतीकृत खंड है और इसमें 36 सुरंगें और 943 पुल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज और भारत का पहला केबल-स्टेड रेल ब्रिज- अंजी ब्रिज, जो यूएसबीआरएल का हिस्सा हैं, का भी प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कश्मीर घाटी और देश के बाकी हिस्सों के बीच हर मौसम में निर्बाध रेल संपर्क स्थापित करती है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय गतिशीलता को बदलना और सामाजिक-आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देना है।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे – एक श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर और दूसरी श्रीनगर से कटरा।
