पटना । जन अधिकार पार्टी की ओर से मकर संक्रांति पर नंद नगर में दही चूड़ा भोज का आयोजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर पप्पू यादव ने कहा कि इस बार का भोज हम अपने अभिभावक नेता शरद यादव की स्मृति में कर रहे हैं। मंडल मसीहा शरद यादव देश के अंतिम व्यक्ति की आवाज थे।
चौधरी चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर लोहिया और जयप्रकाश नारायण के साथ उन्होंने काम किया। उन्होंने कभी जात पात नहीं किया। वे गरीबों के लिए जीना जानते थे। इस कारण हमने हजारों गरीबों के बीच सक्रांति भोज कराने का निर्णय लिया है। इस दौरान एक मिनट का मौन रख शरद यादव को श्रद्धांजलि दी गई।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पटना में शरद यादव की एक आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि देश की युवा पीढ़ी और आने वाली नस्ल शरद यादव की विरासत को आगे बढ़ाए और उनके कार्यों को याद रखे। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव राजेश पप्पू, भाई दिनेश, सचिदानन्द यादव समेत दूसरे कई नेता मौजूद रहे।
