रायपुर , 9 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे जी के बलिदान होने पर मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने सोशल मीडिया में जारी बयान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि यह अत्यंत ही दु:खद है। मैं उनके बलिदान को नमन करता हूँ।
उन्होंने कहा है कि इस कायरतापूर्ण हमले में कुछ अन्य अधिकारी व जवानों के भी घायल होने की खबर है। अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज हेतु निर्देश दिए हैं।छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ी लड़ाई लड़ी जा रही है और उसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी से बौखला कर नक्सली इस तरह की कायराना करतूत को अंजाम दे रहे हैं। नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना होगा। वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जायेगा।
नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने उक्त घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि छत्तीसगढ़ सुकमा जिले के कोंटा एएसपी आकाश राव गिरपून्जे की नक्सली द्वारा लगाए गये आईईडी ब्लॉस्ट से बलिदान होने की खबर दुखद है। आकाश राव की वीरता, बहादुरी और बलिदान का प्रदेश सदैव ऋणी रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।कोंटा थाना प्रभारी श्री सोनल ग्वाला सहित कुछ और भी जवानो के घायल होने की जानकारी है, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी हमले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरपून्जे के बलिदान होने की खबर से स्तब्ध हूं। उनकी वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा। देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मां भारती के वीर सपूत को सादर नमन। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारजनों को दुख की घड़ी में संबल एवं घायलों को शीघ्र-अति-शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
